पीएम मोदी ने फोन कर जाना हालचाल नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वे बहुत जल्द अपनी राजनैतिक गतिविधियां शुरू करने वाले है। इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर इंडियन नेशनल कांग्रेस की ओर से दी गई है। कांग्रेस ने खड़गे की तस्वीर शेयर कर लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को गुरुवार शाम अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वे स्वस्थ हैं और आप सभी की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का बुधवार को बेंगलुरु के निजी अस्पताल में पेसमेकर ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक हुआ। खरगे के पुत्र प्रियांक खरगे ने इस बारे में बताया है। कर्नाटक सरकार में मंत्री खरगे ने कहा था कि खरगे के लिए पेसमेकर ट्रांसप्लांट प्रक्रिया पूरी हो गई। यह एक छोटी और मामूली प्रक्रिया थी और प्रक्रिया के बाद उनकी हालत स्थिर है। उनके 3 अक्टूबर से अपना काम फिर से शुरू करने और अपने सभी निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने की उम्मीद है। इसके पहले खड़गे को मंगलवार को निजी अस्पताल में पेसमेकर ट्रांसप्लांट प्रक्रिया के लिए भर्ती कराया गया था। 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे से फोन पर बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने खड़गे के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। आशीष दुबे / 03 अक्टूबर 2025