मनोरंजन
08-Oct-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। जब भी छोटे परदे के रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का नाम लिया जाता है, तो सबसे पहले सलमान खान की झलक आंखों के सामने आती है। बहुत कम लोग जानते हैं कि सलमान से पहले भी कई मशहूर सितारे इस शो की मेजबानी कर चुके हैं। ‘बिग बॉस’ का पहला सीजन 2006 में प्रसारित हुआ था, जिसकी मेजबानी बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी ने की थी। उस समय यह शो भारतीय दर्शकों के लिए एकदम नया था और लोगों को इसके फॉर्मेट से परिचित कराना एक चुनौती थी। अरशद ने अपने हास्य और सहज अंदाज से शो को संभाला, लेकिन यह सीजन ज्यादा बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाया। इसके बाद दूसरे सीजन में शो की कमान शिल्पा शेट्टी के हाथों में दी गई। शिल्पा उस वक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में थीं क्योंकि उन्होंने ‘बिग ब्रदर यूके’ शो जीतकर भारत का नाम रोशन किया था। उनकी लोकप्रियता और ग्रेसफुल होस्टिंग ने ‘बिग बॉस 2’ को एक नई पहचान दी और दर्शकों के बीच शो की पकड़ मजबूत की। तीसरे सीजन में मेकर्स ने बड़ा दांव खेलते हुए शो की बागडोर अमिताभ बच्चन को सौंपी। अमिताभ की गहरी आवाज, शालीन व्यक्तित्व और गंभीर अंदाज ने शो को नया स्तर दिया। अमिताभ बच्चन के होस्ट बनने के बाद ‘बिग बॉस’ की प्रतिष्ठा और भी बढ़ गई थी। साल 2010 में ‘बिग बॉस 4’ के साथ सलमान खान शो से जुड़े और तब से वह इसका चेहरा बन गए। उनके मजाकिया स्वभाव, सख्त रुख और कंटेस्टेंट्स से सीधा जुड़ाव ने शो को अभूतपूर्व लोकप्रियता दिलाई। दर्शकों ने सलमान की मेजबानी को इतना पसंद किया कि आज यह शो लगभग उनसे ही जुड़ गया है। हालांकि, ‘बिग बॉस 5’ में सलमान के साथ संजय दत्त ने भी को-होस्ट के रूप में काम किया था, लेकिन दर्शकों को सलमान की मौजूदगी ज्यादा पसंद आई। दिलचस्प बात यह है कि ‘बिग बॉस 8’ के दौरान सलमान को अपनी फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ की शूटिंग के कारण शो से अस्थायी रूप से हटना पड़ा था। तब फराह खान ने शो की जिम्मेदारी संभाली और अपने चुलबुले अंदाज से दर्शकों का मनोरंजन किया। आज ‘बिग बॉस’ का नाम सलमान खान का पर्याय बन चुका है, लेकिन यह सफर उन सितारों की मेहनत से शुरू हुआ जिन्होंने शो की नींव रखी और इसे धीरे-धीरे भारत का सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो बना दिया। बता दें कि भारत के सबसे चर्चित और लोकप्रिय रियलिटी शोज में से एक ‘बिग बॉस’ ने साल 2006 में अपनी शुरुआत की थी। इस शो का फॉर्मेट नीदरलैंड के मशहूर रियलिटी शो ‘बिग ब्रदर’ से प्रेरित है। सुदामा/ईएमएस 08 अक्टूबर 2025