राष्ट्रीय
15-Oct-2025
...


पणजी,(ईएमएस)। गोवा के वरिष्ठ नेता, कृषि मंत्री और दो बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके रवि नाइक का बुधवार को निधन हो गया। 79 वर्षीय नाइक को घर पर अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन वे जीवन की जंग हार गए। रवि नाइक के निधन से गोवा में शोक की लहर है। उनके पार्थिव शरीर को पोंडा स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और अन्य नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गोवा ने एक अनुभवी और लोकप्रिय नेता खो दिया है। रवि नाइक ने अपना राजनीतिक सफर पोंडा नगर परिषद के पार्षद के रूप में शुरू किया था। वे 1984 में महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के टिकट पर पहली बार विधायक बने। वर्ष 1991 में वे पहली बार गोवा के मुख्यमंत्री बने और करीब 28 महीने तक इस पद पर रहे। इसके बाद 2 अप्रैल 1994 को वे दूसरी बार मुख्यमंत्री बने, हालांकि यह कार्यकाल केवल 6 दिन का रहा। नाइक ने अपने राजनीतिक जीवन में कई दलों का दामन थामा। 1998 में वे कांग्रेस पार्टी के टिकट पर उत्तरी गोवा से सांसद बने। इसके बाद वे अक्टूबर 2000 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए, मगर 2002 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने पार्टी छोड़ दी और कांग्रेस में लौट आए। 2007 में कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पार्टी को सत्ता में लौटाया और पांच साल तक गृह मंत्री रहे। 2021 में उन्होंने एक बार फिर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर पोंडा सीट से जीत हासिल की और प्रमोद सावंत मंत्रिमंडल में कृषि मंत्री बने। रवि नाइक के निधन से गोवा की राजनीति में एक युग का अंत हो गया है। वे अपने संतुलित नेतृत्व, संगठनात्मक कौशल और जनसंपर्क की सरलता के लिए जाने जाते थे। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में राजकीय श्रद्धांजलि देने की घोषणा की है। हिदायत/ईएमएस 15अक्टूबर25