फिरोजाबाद(ईएमएस)बुधवार को मुख्यमंत्री आवास, लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को दीप पर्व दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिले के विकास से जुड़े अनेक विषयों पर सार्थक और रचनात्मक चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को जनपद फिरोजाबाद से संबंधित कई लंबित परियोजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने जसराना बाईपास, टूंडला–एटा फोरलेन, शिकोहाबाद–एटा फोरलेन जैसे सड़क विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का अनुरोध किया। साथ ही किसानों के हित में डीएपी एवं यूरिया खाद की अतिरिक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और हाथरस माइनर से ब्लॉकों में पर्याप्त जल आपूर्ति कराने की मांग रखी। उन्होंने जिले की नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को अधिक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिससे शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके। साथ ही जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वे शीघ्र ही फिरोजाबाद का दौरा करें। इस अवसर पर पूर्व विधायक राम गोपाल पप्पू लोधी ने भी मुख्यमंत्री से जसराना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को और तेज करने का आग्रह किया। भेंट के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष हनुमन्त सिंह बघेल, डॉ. अमित गुप्ता (जिला मीडिया प्रभारी), आकाश शर्मा (जिलाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा), तथा राहुल लोधी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फिरोजाबाद की कांच उद्योग में निर्मित भगवान हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया। ईएमएस