राज्य
16-Oct-2025
...


कांकेर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर स्थित कांकेर जिले में करीब 100 नक्सलियों ने अपने हथियारों के साथ सरेंडर कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वालों में टॉप लीडर राजू सलाम, कमांडर प्रसाद और मीना शामिल हैं। ये नक्सली जंगलों से बाहर आकर कामतेड़ा BSF कैंप में पहुंचे और वहां अपने हथियार जमा किए। सभी नक्सलियों को बस के माध्यम से कैंप लाया गया। सुरक्षा कारणों से BSF कैंप में हाई अलर्ट जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार, राजू सलाम डिवीजनल कमेटी मेंबर (DVCM) और कंपनी नंबर 5 का कमांडर था। वह रावघाट एरिया में सक्रिय था और कांकेर में पिछले 20 साल में हुई कई बड़ी घटनाओं का मास्टरमाइंड माना जाता है। इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों का मुख्यधारा में लौटना इलाके में नक्सलवाद के खात्मे की उम्मीद बढ़ा रहा है। कांकेर पुलिस अब सभी आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की पहचान कर रही है और संभावना है कि उन्हें जल्द ही जिला या संभागीय मुख्यालय में मीडिया के सामने पेश किया जाएगा। इसके पहले ही 6 करोड़ रुपये के इनामी और पोलित ब्यूरो सदस्य भूपति ने महाराष्ट्र में 60 साथियों के साथ सरेंडर किया था। सुकमा में भी 50 लाख रुपये के इनामी 27 नक्सलियों ने हथियार छोड़े, जिनमें 10 महिलाएं और 17 पुरुष शामिल थे। कोंडागांव जिले में 5 लाख की इनामी महिला नक्सली गीता उर्फ कमली सलाम (40) ने भी हथियार समर्पित किए। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि पिछले 20 महीनों में अब तक 1,876 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। ये नक्सली समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और भी माओवादी इस सकारात्मक रास्ते को अपनाएंगे।