राज्य
17-Oct-2025
...


- एक महीने में चोरी-लूट के मामलों में बरामद किया 12 करोड़ का माल - पहले पर इंदौर, दूसरे पर रही सीहोर पुलिस भोपाल(ईएमएस)। मध्यप्रदेश पुलिस ने अक्टूबर माह में उल्लेखनीय सफलता पाते हुए पूरे राज्य में चोरी, लूट और अन्य गंभीर मामलो में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 12 करोड़ 55 लाख 16 हजार की संपत्ति बरामद की है। जप्त किये गये इस माल में सोना, चांदी, नगदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य कीमती सामान शामिल हैं। पीएचक्यू से दी गई जानकारी के मुताबिक ग्वालियर पुलिस ने 5 करोड़ 70 लाख, भोपाल पुलिस ने 5 करोड़ 4 लाख, इंदौर पुलिस ने 36 लाख और सीहोर पुलिस ने 35 लाख कीमत की चोरी गई संपत्ति बरामद की। इन मामलों में आरोपियो को गिरफ्तार कर न्यायालयीन कार्यवाही प्रारंभ की जा चुकी है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस ने अपराधों पर नियंत्रण और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए आधुनिक तकनीकी साधनों, इंटेलिजेंस आधारित निगरानी और त्वरित रिस्पॉन्स प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया है। उन्होंने कहा, “हमारे पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में तत्पर रहते हैं। चोरी, लूट या अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में सटीक सूचना, तेजी से कार्रवाई और साक्ष्य-आधारित निगरानी से अपराधियों को किसी भी समय पकड़ना संभव हो पाया है। यह सफलता हमारी पेशेवर निष्ठा, सतत प्रशिक्षण और जनता के सहयोग का परिणाम है।” मध्यप्रदेश पुलिस की यह कार्यशैली यह दर्शाती है कि राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने में पुलिस का समर्पण और प्रतिबद्धता लगातार स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। पुलिस बल द्वारा अपनाई गई रणनीति जिसमें डेटा आधारित निगरानी, त्वरित कार्रवाई, आधुनिक तकनीकी साधन और सटीक इंटेलिजेंस शामिल हैं। जिसके आधार पर कार्यवाही की गई और परिणाम स्वरुप पुलिस ने चोरी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की हैं। जुनेद / 17 अक्टूबर