- साइबर क्राइम ब्रांच ने रेलवे की शिकायत पर की कार्रवाई भोपाल(ईएमएस)। साइबर क्राइम ब्रांच ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर (एक्स) पर रेलवे से जुड़ी भ्रामक व उकसाने वाली पोस्ट डालने पर आजाद समाज पार्टी के नेता सुनील अस्टे के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी ने दिवाली के त्योहारों के दौरान करोड़ों यात्रियों में भ्रम और भय का माहौल बनाने की कोशिश की थी। उस समय करीब 12 हजार ट्रेने चल रही थी। जानकारी के अनुसार एसआई प्रभुनाथ तिवारी, रेल सुरक्षा बल के मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, भोपाल में पदस्थ हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि ट्विटर हैंडल सुनील अस्टे के उपयोगकर्ता ने 19 और 20 अक्टूबर को रेलवे से जुड़ी चार भ्रामक पोस्ट कीं। पोस्ट में रेलवे और केंद्र सरकार को लेकर गलत जानकारियां प्रसारित कर जनता में असंतोष फैलाने का प्रयास किया गया था। आरोपी ने यह पोस्ट उस समय की जब दिवाली, छठ पूजा और भाईदूज जैसे त्योहारों पर करोड़ों यात्री रेल सेवाओं पर निर्भर हैं। भ्रामक पोस्ट से यात्रियों में घबराहट और रेल प्रशासन के प्रति अविश्वास फैलाने का प्रयास किया गया। शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल साइबर यूनिट आरोपी की पोस्ट और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। एक्स से भी यूजर की जानकारी मांगी गई है। जुनेद / 25 अक्टूबर