राज्य
25-Oct-2025
...


:: कैलाश विजयवर्गीय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की राशि ₹1500 करने की घोषणा :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार की शाम इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भोपाल से वर्चुअली जुड़कर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस आयोजन में बड़ी संख्या में बहनें एवं महिलाएं शामिल हुईं। यह समारोह स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली का पर्व भारतीय संस्कृति का प्रतीक है, जो प्रकाश, सद्भावना और समृद्धि का संदेश देता है। उन्होंने नव वर्ष की भी अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए, दीपावली को अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव बताया। उन्होंने सभी से इस पावन अवसर पर समाज में भाईचारा, सहयोग और सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। लाड़ली बहना की राशि में वृद्धि: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के प्रति समर्पित है। उन्होंने घोषणा की कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब बहनों को 1500 रुपये दिए जाएंगे और आने वाले समय में इस राशि में और वृद्धि की जाएगी। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों के उपयोग को भी प्रोत्साहित करने की अपील की। कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय और सुदर्शन गुप्ता, सुमित मिश्रा, सत्यनारायण सत्तन सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। प्रकाश/25 अक्टूबर 2025