- मां गुहार लगाती रही, स्वास्थ्यकर्मियों ने बेड से गिरे बेटे को मरने दिया - सरकारी लापरवाही की भेंट चढ़ा छठ यात्री: - स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही का गंभीर आरोप - दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग जमुई (ईएमएस)। जमुई सदर अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मियों की घोर लापरवाही के चलते एक घायल युवक की दर्दनाक मौत हो गई है, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। शनिवार को मरीज वार्ड में हुई इस घटना ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान पटना जिले के बाढ़ निवासी संतोष कुमार (35) के रूप में हुई है। संतोष कुमार छठ पूजा के लिए अपने घर बाढ़ जा रहे थे, तभी जमुई रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रेल पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के मरीज वार्ड में भर्ती होने के बाद, संतोष कुमार किसी तरह अपने बेड से फर्श पर गिर गए। आरोप है कि उस समय मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें उठाने या सहायता देने में घोर लापरवाही बरती। संतोष फर्श पर घंटों तक तड़पते रहे। संतोष की वृद्ध मां, विनेश्वरी देवी, बार-बार मदद के लिए गुहार लगाती रहीं, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों ने उनकी एक न सुनी। इसी लापरवाही के चलते संतोष की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि पर्याप्त स्टाफ होने के बावजूद संतोष को समय पर सहायता नहीं मिली। उनके परिवार का कहना है कि यदि कर्मचारियों ने समय पर मदद दी होती, तो शायद संतोष की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है। संतोष की मां ने प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए कहा है कि उनके बेटे की जान अस्पताल की लापरवाही के कारण गई है। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।