वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। एक इंटरव्यू में उन्होंने 2028 के राष्ट्रपति चुनाव में दोबारा उतरने के संकेत दिए। आत्मविश्वास के साथ हैरिस ने कहा, मैं खत्म नहीं हुई हूं। सेवा करना मेरे खून में है। मैंने हमेशा इसे अपना जीवन माना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे फैसले सर्वे या जनमत सर्वेक्षणों के आधार पर नहीं लेतीं। मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा, अगर मैंने सर्वेक्षणों पर भरोसा किया होता, तो न तो पहला और न ही दूसरा चुनाव लड़ा होता, और आज यहां नहीं होती। हैरिस ने मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप ने सरकारी एजेंसियों को राजनीतिक हथियार बना लिया है। हैरिस ने कहा, ट्रंप ने फेडरल एजेंसियों का इस्तेमाल व्यंग्यकारों के खिलाफ किया। उनकी चमड़ी इतनी पतली है कि वे मजाक भी बर्दाश्त नहीं करते और पूरे मीडिया संगठन को बंद करने की कोशिश की। उन्होंने आगे कहा कि कई अमेरिकी उद्योगपति और संस्थान ट्रंप के सामने झुक गए हैं। कई लोग सत्ता के आगे घुटने टेक चुके हैं। कोई जांच से बचना चाहता है, तो कोई मर्जर पास करवाना। इसलिए सभी सत्ता के करीब रहना चाहते हैं। व्हाइट हाउस ने हैरिस के बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। ट्रंप प्रशासन की प्रवक्ता एबिगेल जैक्सन ने कहा, 2024 में करारी हार के बाद हैरिस को समझ जाना चाहिए था कि अमेरिकी जनता उनके झूठों पर भरोसा नहीं करती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हैरिस अब विदेशी मीडिया में जाकर अपनी शिकायतें दर्ज करा रही हैं। हैरिस ने हाल ही में अपनी किताब ‘107 डेज’ प्रकाशित की है, जिसमें उन्होंने 2024 की राष्ट्रपति दौड़ का जिक्र किया है, जब जो बाइडन ने स्वास्थ्य कारणों से नाम वापस लिया था। इस बीच, चर्चा है कि ट्रंप 2028 में फिर से चुनाव लड़ सकते हैं, हालांकि संविधान केवल दो कार्यकाल की अनुमति देता है। सभी की निगाहें अब इस पर हैं कि क्या हैरिस 2028 में ट्रंप को सीधी चुनौती देंगी। वीरेंद्र/ईएमएस 27 अक्टूबर 2025