तोक्यो (ईएमएस)। जापान की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी होंडा मोटर कंपनी लिमिटेड ने अपनी अगली पीढ़ी की इलेक्ट्रिक कार ‘होंडा 0 ए’ (अल्फा) का जापान मोबिलिटी शो 2025 में अनावरण किया। यह कार एसयूवी के रूप में विकसित की गई है, जिसे शहरी और प्राकृतिक दोनों तरह के वातावरण में चलाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। कंपनी ने बताया कि यह मॉडल 2027 से भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। इसके साथ ही, ‘होंडा 0 ए’ होंडा का भारत में पहला बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी) होगा। वैश्विक स्तर पर इसे मुख्य रूप से जापान और भारत में बेचा जाएगा। ‘होंडा 0 ए’ को होंडा 0 श्रृंखला का हिस्सा बनाया गया है। इससे पहले इस श्रृंखला में ‘होंडा 0 सैलून’ और ‘होंडा 0 एसयूवी’ शामिल हैं। होंडा का लक्ष्य 2050 तक कार्बन तटस्थता हासिल करना है और यह श्रृंखला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। होंडा का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लंबे समय तक बढ़ती रहेगी। कंपनी ने भारत में अगले कुछ वर्षों में कई नए इलेक्ट्रिक मॉडल लॉन्च करने की योजना भी बनाई है। सतीश मोरे/29अक्टूबर ---