* कर्मा तेजस्वी पर गेवरा समिति ने किया आयोजन * विजेताओं को मिला पुरस्कार कोरबा (ईएमएस) कोरबा में कर्मा तेजस्वी खेल विकास संगठन गेवरा समिति ने 2 अक्टूबर को अंडर-17 ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 7 बजे बच्चों के वजन परीक्षण के साथ हुआ। वजन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रतिभागियों को भोजन कराया गया और फिर से वजन जांच की गई। इसके बाद औपचारिक रूप से प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि सुशील तिवारी और समिति के पदाधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत, कांस्य पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए। सुशील तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने में संगठन की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर खेल रेफरी चंचल रजक ने कहा कि यह खेल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के साथ-साथ वर्तमान परिस्थितियों में आत्मरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है, खासकर लड़कियों के लिए ताकि वे किसी भी अप्रिय घटना के समय अपनी रक्षा कर सकें। सहायक रेफरी शंकर महंत ने बताया कि इस प्रतियोगिता में लड़कियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने यह भी कहा कि खेल को बढ़ावा देने और लोगों को जागरूक करने के लिए कई स्तरों पर कार्य किया जा रहा है।