खेल
04-Nov-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज यशस्वी आजकल रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं। यशस्वी ने रणजी में मुंबई की ओर से शतक लगाने के साथ ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यशस्वी ने रणजी में अपना पांचवां शतक लगाने के साथ ही घरेलू क्रिकेट में 1000 रन भी पूरे किये हैं। यशस्वी ने राजस्थान के खिलाफ जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में मुंबई की ओर से दूसरी पारी में शतक लगाया। राजस्थान की टीम ने अपनी पहली पारी 617/7 का विशाल स्कोर बनाने के बाद घोषित की थी। वहीं मुंबई ने पहली पारी में 254 रन बनाए थे। पहली पारी में पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में मुंबई के लिए पारी की शुरुआत करते हुए यशस्वी ने 120 गेंदों पर 11 चौकों की सहायता से शतक लगाया। इस मैच की पहली पारी में उन्होंने अर्धशतक लगाया था और वह 67 रनों पर आउट हुए थे। वहीं राजस्थान की ओर से दीपक हुड्डा ने 248 और कार्तिक शर्मा ने 139 रन बनाये थे। यशस्वी के शतक से टीम हार से बची हुई है। यशस्वी ने शतक के साथ ही रणजी में अपने 1000 रनों का आंकड़ा भी हासिल कर लिया। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका ये 17वां शतक है, क्योंकि 7 शतक उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में हैं। 5 शतक रणजी ट्रॉफी में और 5 अन्य फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम हैं। 2-2 शतक उन्होंने रेस्ट ऑफ इंडिया और वेस्ट जोन के लिए लगाये हैं, जबकि एक शतक उन्होंने इंडिया ए के लिए लगाया है। 11 मैचों की 21 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए वह अब तक 1000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। रणजी ट्रॉफी में उनका सर्वाधिक स्कोर 181 रन है। गिरजा/ईएमएस 04 नवंबर 2025