राष्ट्रीय
05-Nov-2025
...


-हिमपात से लेह, काजा व दारचा जांस्कर पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित मनाली,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश में मौसम बदल गया है। मनाली और लाहुल स्पीति के पर्यटन स्थल बर्फ से ढक गए हैं। बारिश और बर्फबारी ने पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है। मनाली के पर्यटन स्थल अटल टनल रोहतांग के साउथ व नॉर्थ पोर्टल समेत कोकसर, सिस्सू, गुफा होटल में बर्फबारी हो रही है। मनाली से मात्र 25 किलोमीटर दूर पर्यटक बर्फ के दीदार कर रहे हैं। एक महीने बाद मौसम ने करवट बदली है। रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में आधा फीट हिमपात हुआ है, जबकि कुंजम व चंद्रताल झील भी बर्फ से ढक गई है। लाहुल स्पीति समेत कुल्लू व मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। मनाली के पर्यटन स्थलों में बर्फ के फाहों का आनंद लेने जा रहे हैं तो फॉर बाई फॉर वाहनों में ही सफर को प्राथमिकता दें। सामान्य वाहन के बर्फ में स्किड होने का खतरा है। अगर आप खुद वाहन चला रहे हैं तो बर्फ पर संभलकर वाहन चलाएं व ब्रेक न लगाएं। गीयर पर कंट्रोल रखते हुए गाड़ी धीरे-धीरे आगे बढ़ाएं। होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ने बताया कि हिमपात के कारण मनाली लेह, मनाली काजा व दारचा जांस्कर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। बारालाचा दर्रे में हो रहे हिमपात के कारण लेह से दारचा आ रहे वाहन सरचू में रुक गए हैं जबकि मनाली से लेह जा रहे वाहन दारचा में रुके हुए हैं। वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सकती है। पर्यटकों के लिए मनाली के निकट ही स्नो प्वाइंट बन गए हैं। पर्यटकों को होटलों में 25 से 30 फीसदी तक ऑफर दिया जा रहा है। सिराज/ईएमएस 05नवंबर25