सिंगापुर (ईएमएस)। सिंगापुर दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जहां च्युइंगम चबाना और बेचना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। सिंगापुर सरकार ने 1992 में देश में च्युइंगम पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। इस नियम का उल्लंघन करने पर एक साल तक की जेल और भारी जुर्माना हो सकता है। यह फैसला देश की स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से लिया गया था। च्युइंगम में सिंथेटिक रबर, फ्लेवर और प्लास्टिसाइजर होते हैं जो इसे चिपचिपा बनाते हैं। फेंकने के गलत तरीके से यह सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक परिवहन पर चिपककर गंदगी फैलाती थी। सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया ताकि सफाई कर्मचारियों की परेशानी कम हो और शहर साफ-सुथरा बना रहे। सिंगापुर आज इसी नीति की वजह से दुनिया के सबसे स्वच्छ और अनुशासित देशों में गिना जाता है। यह प्रतिबंध 2004 में अमेरिका और सिंगापुर के बीच हुए फ्री ट्रेड समझौते के बाद थोड़ा नरम हुआ लेकिन केवल चिकित्सीय उपयोग (मेडिकल यूज) के लिए: अनुमति प्राप्त च्युइंगम: निकोटीन गम (धूम्रपान छोड़ने में मदद करने वाली) और व्हाइटनिंग गम (दांतों की सफाई के लिए) जैसी विशेष च्युइंगम को मेडिकल स्टोर पर सिर्फ डॉक्टर की सलाह से खरीदने की अनुमति दी गई। आम च्युइंगम बैन: इन विशेष गम्स को छोड़कर बाकी सभी तरह की च्युइंगम पर आज भी पूरी तरह से प्रतिबंध है। सिंगापुर में च्युइंगम बेचना या आयात करना एक गंभीर अपराध माना जाता है। कानून का उल्लंघन करने पर व्यक्ति को 1 साल तक की जेल और भारी जुर्माना हो सकता है। बार-बार गलती करने वाले अपराधियों को अदालत के तहत सार्वजनिक स्थानों की सफाई करने की सजा भी दी जाती है। सुदामा/ईएमएस 06 नवंबर 2025