-सात वचन को इंग्लिश में ट्रांसलेट कर सुनाया, मारिया को एक वचन बहुत पसंद आया चम्बा,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के सिमनी गांव का रहने वाला युवक विनय ठाकुर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। वजह भी खास है, क्योंकि विनय अपने जीवन साथी के रूप में फिलिपींस की रहने वाली मारिया को भारत लेकर आया है। दोनों का विवाह पठानकोट के एक होटल में पूरे भारतीय रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रों के साथ संपन्न हुआ। शादी के मौके पर दूल्हा और दुल्हन दोनों परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला। दुल्हन के साथ उसके माता-पिता, भाई और बहन भी फिलिपींस से भारत आए और भारतीय रस्मों में शामिल होकर आनंद लिया। मेहंदी और हल्दी जैसी पारंपरिक रस्मों को देखकर दुल्हन मारिया भी उत्साहित दिखीं। खास बात यह है कि पंडित ने जब हिंदी में सात वचन सुनाए तो दुल्हन को इंग्लिश में इन सात वचनों को समझाया गया। इन सात वचनों ने मारिया को सबसे ज्यादा वचन पंसद आया, जिसमें दुल्हन के परिवार की इज्जत करना बहुत जरूरी वाली बात कही गई थी। विनय और मारिया की मुलाकात आज से करीब तीन साल पहले ईस्ट अफ्रीका में हुई थी, जहां दोनों एक ही कंपनी में सिविल इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। साथ काम करते-करते दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। मारिया ने मुस्कुराते हुए बताया कि विनय ने उन्हें पहले प्रपोज किया था। वह बहुत ही सौम्य स्वभाव के हैं और महिलाओं की इज्जत करना जानते हैं। हालांकि शुरुआत में दोनों परिवारों को इस रिश्ते के लिए मनाने में कुछ मुश्किलें आईं, लेकिन आखिरकार प्यार की जीत हुई और आज दोनों एक-दूजे के हो गए हैं। दोनों का विवाह पठानकोट के एक होटल में पूरे भारतीय रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रों के साथ संपन्न हुआ। शादी के बाद अब मारिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती भाषा की है। ग्रामीण क्षेत्र के परिजनों को अंग्रेज़ी ना के बराबर आती है, इसलिए मारिया को अब धीरे-धीरे हिंदी सीखनी पड़ रही है। उन्होंने हंसते हुए कहा कि फिलिपींस में हम ज्यादातर नॉनवेज खाते हैं, लेकिन यहां के भारतीय पकवान मुझे स्वादिष्ट लग रहे हैं। खासकर पानी पुरी मेरी फेवरिट बन गई है। मारिया ने बताया कि उन्हें भारतीय संगीत भी बहुत पसंद है और उन्होंने ‘पहले भी मैं…तुमसे मिली हूं..’, हिंदी गीत भी गुनगुनाया। फिलहाल, विनय जॉर्जिया में कार्यरत हैं जबकि मारिया अभी भी अफ्रीका में ही अपनी नौकरी कर रही हैं। दोनों ने कहा कि वे जल्द ही एक साथ रहने की योजना बना रहे हैं। विनय और मारिया ने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि हमारा सपना पूरा हुआ। हमारी शादी दोनों संस्कृतियों को जोड़ने वाली एक खूबसूरत डोर है। सिराज/ईएमएस 06नवंबर25