ज़रा हटके
06-Nov-2025
...


सरगुजा(ईएमएस)। जिले में एक ऐसा हैरतअंगेज़ वाकया सामने आया है कि सुनकर कोई यकीन नहीं कर पाएगा। परिवार ने जिस युवक को मृत मानकर दफना दिया और घर पर क्रियाकर्म का आयोजन कर रखा था, वही युवक अचानक जिंदा होकर घर लौट आया! यह अविश्वसनीय घटना चंदरपुर (ढुंढरा) गांव के रहने वाले पुरषोत्तम के परिवार की है। शनिवार को जहां पूरा घर शोक में डूबा था और मातम के गीत गूंज रहे थे, ठीक अगले पल खुशी और आश्चर्य का सैलाब उमड़ पड़ा। सूरजपुर पुलिस अधीक्षक संतोष महतो ने पूरी घटना की जानकारी दी। उनके अनुसार, बीते शनिवार को मानपुर थाना क्षेत्र के एक कुएं से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने आसपास के गांवों में सूचना भिजवाई। संयोग से पुरषोत्तम ठीक दो दिन पहले से लापता थे। परिजन उन्हें ढूंढ रहे थे। जैसे ही सूचना परिवार तक पहुंची, उन्होंने जल्दबाजी में पुलिस से संपर्क किया और शव को पुरषोत्तम का मान लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही शव को पुरषोत्तम मानकर दफनाया गया। परिवार ने बेटे के निधन पर गहरा शोक मनाया। घर में क्रियाकर्म शुरू हो चुका था। लोग इकट्ठा होकर दुआएं मांग रहे थे। तभी कुछ रिश्तेदार वहां पहुंचे और परिवार को चौंकाने वाली खबर दी। जिसका क्रियाकर्म कर रहे हो, वह पुरषोत्तम तो जिंदा है और हमारे घर पर बैठा है! यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मिनटों बाद पुरषोत्तम खुद घर के दरवाजे पर खड़ा था। सबकी आंखें फटी की फटी रह गईं। जिसे मरा समझकर दफनाया था, वह जीवित कह रहा था, मैं अभी जिंदा हूं! यह चमत्कार परिवार के लिए खुशी लेकर आया, लेकिन पुलिस के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए। दफनाया गया शव आखिर किसका था? पुलिस अधीक्षक संतोष महतो ने बताया कि मृतक के कपड़े, जूते और अन्य सामान सुरक्षित रखे गए हैं। इनके आधार पर असली पहचान की कोशिश की जाएगी। यदि कोई परिजन दावा करे तो कब्र खोदकर शव निकाला जाएगा और डीएनए जांच कराई जाएगी। पुलिस ने पुराना मर्ग केस दोबारा खोल लिया है और गहन जांच शुरू कर दी है। वीरेंद्र/ईएमएस/06नवंबर2025