राज्य
06-Nov-2025


:: आज शौर्य स्मारक में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह, सभी मुख्यालयों पर एक साथ होगा गायन :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर को मध्य प्रदेश में एक अविस्मरणीय जन-उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि यह गौरवशाली आयोजन 7 नवंबर 2025 से 7 नवंबर 2026 तक, पूरे एक वर्ष तक चलेगा। राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय चेतना का जीवंत स्फुरण है जिसने स्वाधीनता की अलख जगाई। इस ऐतिहासिक वर्षगांठ को मनाना नई पीढ़ी को राष्ट्र-प्रेम की भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। :: चार चरणों में होगा आयोजन :: वर्ष भर चलने वाले इन समारोहों को चार मुख्य चरणों में विभाजित किया गया है: प्रथम चरण: 7 नवंबर से 14 नवंबर 2025 तक। द्वितीय चरण: 19 जनवरी से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस सप्ताह)। तृतीय चरण: 7 अगस्त से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ)। चतुर्थ चरण: 1 नवंबर से 7 नवंबर 2026 (समापन सप्ताह)। :: आज मुख्य समारोह में एक स्वर में भव्य गायन :: राज्य स्तरीय मुख्य समारोह 7 नवंबर 2025 को प्रातः 09:30 बजे भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित किया जाएगा। इसी समय, प्रदेश के सभी जिला, तहसील एवं विकासखण्ड मुख्यालयों पर वंदे मातरम का संपूर्ण गायन एक साथ, एक स्वर में किया जाएगा। प्रातः 10 बजे से नई दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री के मुख्य कार्यक्रम के सीधे प्रसारण को देखने-सुनने की व्यवस्था भी सभी आयोजन स्थलों पर सुनिश्चित की जाएगी। सभी शासकीय, अशासकीय, अर्द्ध-शासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में 7 नवंबर को वंदे मातरम का भव्य गायन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। गायन को भव्य स्वरूप देने के लिए पुलिस बैंड, स्कूल-कॉलेजों के बैंड की सहभागिता भी होगी। :: जन-जन की भागीदारी :: राज्यमंत्री ने बताया कि यह आयोजन केवल शासकीय न होकर जन-जन का आयोजन बनेगा। इसमें विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, चिकित्सक और सामाजिक संगठन सक्रिय रूप से शामिल होंगे। :: स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम :: - 8 नवंबर 2025 : प्रातः 10 बजे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सभी ग्राम पंचायतों में सामूहिक गायन। - 10 नवंबर 2025 : प्रातः 10 बजे नगरीय विकास एवं आवास विभाग के माध्यम से सभी नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद) में सामूहिक गायन। पर्यटन स्थलों पर भी राष्ट्रगीत का गायन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे पर्यटकों में राष्ट्रीय गौरव का संचार हो। :: आत्मनिर्भरता के लिए सामूहिक संकल्प :: इन सभी आयोजनों का एक महत्वपूर्ण भाग सभी स्वदेशी अपनाएँ का सामूहिक संकल्प होगा। यह संकल्प राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रतीकात्मक और ठोस कदम होगा। प्रकाश/06 नवम्बर 2025