राष्ट्रीय
15-Nov-2025
...


झारखंड स्थापना दिवस पर दी बधाई नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आदिवासी समुदाय के महान स्वतंत्रता सेनानी, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड के स्थापना दिवस पर भी राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेशी शासन के अन्याय के खिलाफ बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जनजातीय गौरव दिवस के इस पावन अवसर पर पूरा देश धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान को स्मरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष भारत की स्वतंत्रता की नींव को मजबूत करने वाला था और उनका बलिदान सदैव राष्ट्रीय चेतना को प्रेरित करता रहेगा। इसी के साथ उन्होंने आगे झारखंड राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा, कि यह भूमि आदिवासी संस्कृति, परंपरा और समृद्ध विरासत से परिपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने लिखा, कि भगवान बिरसा मुंडा की धरती का इतिहास साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथाओं से भरा है। इस विशेष अवसर पर मैं राज्य की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं। ज्ञात हो कि झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग कर किया गया था, जो बिरसा मुंडा की जयंती का दिन भी है। 15 नवंबर 1875 को जन्मे बिरसा मुंडा ने 19वीं सदी के अंत में ब्रिटिश शासन के विरुद्ध आदिवासी क्षेत्रों में सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक चेतना का नेतृत्व किया। उन्होंने मुंडा जनजाति समेत तमाम आदिवासी समुदायों को एकजुट कर अपने अधिकारों और स्वाभिमान की लड़ाई को नई दिशा दी। उनकी जयंती देशभर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाती है। गौरतलब है, कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2024-25 को ‘जनजातीय गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने की घोषणा की है, जिसके तहत आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित किया जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 15नवंबर25