राज्य
16-Nov-2025
...


भोपाल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने शनिवार को एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है। दरअसल परमार ने विवादित बयान देते हुए समाज सुधारक राजा राममोहन राय को अंग्रेजों का दलाल बताया था, जिसके बाद से उनका लगातार विरोध हो रहा है। यहां बताते चलें कि मंत्री परमार ने आगर मालवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजा राममोहन राय को अंग्रेजों का दलाल बता दिया था। परमार का बयान जैसे ही वायरल हुआ विवाद के साथ ही बयान का विरोध शुरू हो गया। मामला बढ़ता देख उच्च शिक्षा मंत्री परमार ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है। मंत्री परमार ने कहा, कि कल आगर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती कार्यक्रम में उनके जीवन पर बोलते हुए संदर्भों के क्रम में मुझसे गलती से राजा राममोहन राय के बारे में गलत शब्द निकल गए। इस गलती पर मुझे अत्यंत दुख है और मैं प्रायश्चित करता हूं। उन्होंने आगे कहा, राजा राममोहन राय एक प्रसिद्ध समाज सुधारक थे। व्यक्तिगत रूप से मैं उनका सम्मान करता हूं। यह बयान गलती से मेरे मुंह से निकल गया था, जिसके लिए मैं क्षमा चाहता हूं। क्या कहा था मंत्री परमार ने? बिरसा मुंडा जन्म जयंती कार्यक्रम कार्यक्रम में मंत्री परमार ने कहा था, कि आजादी से पहले संपूर्ण देश में मिशनरी स्कूल थे। इनमें शिक्षा के नाम पर धर्मांतरण किया जाता था। तब संथाल परगना तक अंग्रेजी शिक्षा के नाम पर लोगों की आस्था बदलने जैसा दुष्चक्र चलया गया था। इसके लिए अंग्रेजों ने अनेक लोगों को समाज सुधारक बनाया, इनमें राजा राममोहन राय भी थे। वे अंग्रेजों के दलाल के तौर पर काम करते थे। उन्होंने धर्मांतरण का जो दुष्चक्र चलाया था, उसे रोकने का साहस बिरसा मुंडा ने किया था। इस बयान पर काफी विवाद हो गया और विरोध शुरु हो गया। विवाद बढ़ता देख मंत्री परमार ने वीडियो जारी कर अपने विवादित बयान पर माफी मांग ली। हिदायत/ईएमएस 16नवंबर25