अंतर्राष्ट्रीय
16-Nov-2025
...


मेक्सिको सिटी,(ईएमएस)। नेपाल में जेन जेड के प्रदर्शन से पूरी दुनिया में इसका असर दिखाई दे रहा है। अब अमेरिका के पड़ोस में यानी मेक्सिको में जेन जेड के प्रदर्शन ने वहां की सरकार की चिंता बढ़ा दी है। मेक्सिको सिटी की सड़कों पर शनिवार को हजारों लोगों का हुजूम अचानक जमा हो गया था। हाथों में तख्तियां, चेहरे पर नाराजगी और आवाज में बदलाव की मांग थी। इस प्रदर्शन में सबसे आगे थे जेन-जेड यानी 90 के देशक के अंत से लेकर 2010 के बीच पैदा हुए युवा। इन युवाओं ने बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और जवाबदेही की कमी के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया था। खास बात यह रही कि इस विरोध में बाद में बड़ी संख्या में बुजुर्ग और विपक्ष से जुड़े समर्थक भी शामिल हो गए। राजधानी की सड़कों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में जमकर बवाल हुआ। पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। कई वीडियो आए हैं, जिसमें गुस्सा प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों को पकड़ कर पीट रहे हैं। प्रदर्शन से पहले शेनबॉम ने आरोप लगाया था कि राइट-विंग पार्टियां जेन जेड आंदोलन में घुसपैठ कर रही हैं और सोशल मीडिया पर बॉट्स की मदद से भीड़ बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं। इसी बीच कुछ जेन जेड इनफ्लुएंसरों ने भी प्रदर्शन से दूरी बना ली थी। हालांकि इसके उलट पूर्व राष्ट्रपति विसेंटे फॉक्स और अरबपति रिकाडो सालिनास प्लिएगो जैसे कई वरिष्ठ सार्वजनिक हस्तियों ने विरोध का समर्थन किया। शनिवार के इस मार्च में अलग-अलग आयु वर्ग के लोग शामिल हुए। इस साल दुनिया के कई देशों में जेन जेड के प्रदर्शन चर्चा में रहे हैं। कभी लोकतंत्र को बचाने की आवाज, कभी असमानता के खिलाफ गुस्सा और कभी भ्रष्टाचार पर नाराजगी। सितंबर में नेपाल में लगे सोशल मीडिया बैन के बाद जेन जेड का ऐसा ही बड़ा प्रदर्शन हुआ था, जिसके बाद वहां हिंसा इतनी बढ़ गई कि प्रधानमंत्री को इस्तीफा तक देना पड़ा था। मेक्सिको के युवा भी इसी तरह कहते हैं कि सिस्टम में घुस चुका भ्रष्टाचार और हिंसक अपराधों पर कार्रवाई न होना अब उनकी सहनशक्ति से बाहर हो गया है। प्रदर्शन में शामिल 29 वर्ष के बिजनेस कंसल्टेंट एंड्रेस मास्सा ने कहा कि उन्हें अपने देश में सुरक्षा चाहिए। वे उस पायरेट स्कल वाले झंडे के साथ दिखे, जो अब जेन जेड आंदोलनों की पहचान बन चुका है। वहीं 43 साल की चिकित्सक क्लाउडिया क्रूज ने बताया कि वह सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बेहतर फंडिंग और सुरक्षा की मांग कर रही हैं, क्योंकि डॉक्टर भी असुरक्षा के माहौल से डरते हैं। उधर हाल के दिनों में देश में कई हाई प्रोफाइल हत्याओं से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है, जिनमें पश्चिमी राज्य मिचोआकन के लोकप्रिय मेयर कार्लोस मंजो की हत्या भी शामिल है। इसके बावजूद राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबॉम की लोकप्रियता अभी भी ऊंची बनी हुई है। वीरेंद्र/ईएमएस/16नवंबर2025