मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में एक युवक को उसके ही दोस्तों ने जन्मदिन मनाते समय जिंदा जलाने की कोशिश की। यह घटना मुंबई के कुर्ला इलाके में हुई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और इस समय सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, यह चौंकाने वाली घटना कुर्ला पश्चिम के कोहिनूर फेज-3 बिल्डिंग में हुई। बताया गया है कि 21 साल के पीड़ित युवक का जन्मदिन था। उसके 5 दोस्त उसका जन्मदिन मनाने आए थे। जब वह केक काट रहा था, तो युवक के दोस्तों ने उस पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। इतना ही नहीं युवक को आग लगाने के बाद उसके दोस्त सीसीटीवी में वहां नाचते हुए दिख रहे हैं। इस घटना से हड़कंप मचा है। वहीं युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका राजावाड़ी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना की जानकारी मिलते ही कुर्ला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 5 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी युवकों ने ऐसा क्यों किया, इस बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।