राज्य
27-Nov-2025
...


कार्यकर्ता पूरी निष्‍ठा के साथ एसआईआर में जुट जाएं-रविन्द्र यति मध्य विधानसभा के अरेरा एवं शाहपुरा मंडल में बैठक संपन्न सांसद आलोक शर्मा को मध्य और उत्तर विधानसभाओं की मिली जिम्मेदारी भोपाल(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद आलोक शर्मा ने गुरूवार को मध्य विधानसभा क्षेत्र के अरेरा एवं शाहपुरा मंडल में पहुंचकर एसआईआर से संबंधित कार्य की समीक्षा कर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। नेतागणों ने भाजपा के महापुरूषों के चित्रों पर माल्‍यार्पण कर बैठक का शुभारंभ किया। बैठक को जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति एवं पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह ने भी संबोधित किया। भाजपा के सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि एसआईआर केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने वाला जन-अभियान है। पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जाकर जनता को जागरूक करना होगा और उन्हें सही जानकारी उपलब्ध करानी होगी। यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा और इस अवधि में सभी मंडल और बूथ समितियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़ें। इसके साथ ही विवाह के बाद परिवार में शामिल हुए नए सदस्यों के नामों को जोड़ना भी आवश्यक है, जिससे कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम सूची में दो स्थानों पर दर्ज है या वह बाहरी क्षेत्र का है, तो इस पर आपत्ति दर्ज कराकर सूची को शुद्ध किया जाए। उन्‍होंने कहा कि मात्र 6 दिन ही बचे है इसलिए कार्यकर्ता सभी काम छोडकर इस कार्य में जुट जाए। बैठक में बूथ अध्यक्ष हरिओम पंवार ने सांसद से शिकायत करते हुए कहा कि वार्ड के बीएलओ की सुस्ती के कारण एसआईआर की गति धीमी पड रही है। श्री शर्मा ने तत्काल एसडीएम से फोन पर चर्चा कर एसआईआर प्रक्रिया की गति बढाने का आग्रह किया। आलोक शर्मा ने वार्ड में निवासरत वरिष्ठ पदाधिकारियों को 5 वार्डों में पार्षदों के साथ एसआईआर की प्रक्रिया को पूर्ण करने की जिम्मेदारी भी सौंपी। जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ इस अभियान को सफल बनाने में जुट़ जाएं। भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे एसआईआर की इस प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और संकल्प के साथ सफल बनाएं। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से मतदाता सूची का शुद्धिकरण अभियान निश्चित रूप से सफल होगा और लोकतंत्र की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी। भाजपा के पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एसआईआर अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और मतदाताओं की पूरी मदद करें। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में बूथ स्तर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करे कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सही तरीके से जुड़ें। बैठक में पूर्व सांसद आलोक संजर, मध्य विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, सुनील पांडे, हिरेंद्र बहादुर सिंह, अशोक सैनी, अरेरा मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित, शाहपुरा मंडल अध्यक्ष पीयूष सिसौदिया, जिला मंत्री अनिल पचौरी, सुरजीत सिंह चौहान, जिला मंत्री श्रीमती शक्ति दूबे, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता, पयोज जोशी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित, पार्षद बाबूलाल यादव, अरविंद वर्मा, श्रीमती शिखा मोनू गोहल, श्रीमती स्नेहलता रघुवंशी, श्रीमती सुषमा बबीसा, भगवत रघुवंशी सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, पार्षदगण, मंडल पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं अरेरा मंडल के सभी बूथों के बीएलओ-2 उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 27 नवम्बर, 2025