:: श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल की पहल पर 100 से अधिक सुरक्षा अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण; नई व्यावसायिक सुरक्षा संहिता पर फोकस :: नागदा/इंदौर (ईएमएस)। भोपाल गैस त्रासदी की 41वीं बरसी के उपलक्ष्य में, मध्यप्रदेश शासन के श्रम विभाग (संचालनालय औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा) द्वारा राज्य सुरक्षा दिवस पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल की पहल पर ग्रेसिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड, नागदा (जिला उज्जैन) में आयोजित हुई। कार्यशाला में विभिन्न कारखानों के 100 से अधिक सुरक्षा अधिकारियों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा संबंधित गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक सुरक्षा मानकों को मजबूत करना था। कार्यशाला के दौरान, हाल ही में लागू की गई नवीन व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य शर्तें संहिता 2020 के महत्वपूर्ण प्रावधानों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा, श्रम विभाग की नई पहलों जैसे श्री, आरोह, यस, श्रमणा इत्यादि की भी जानकारी दी गई, जो औद्योगिक स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को अंत में प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रकाश/04 दिसम्बर 2025