* एक्सीडेंट में घायल वृद्ध ने भी तोड़ा दम भोपाल(ईएमएस)। पिपलानी थाना इलाके में पेट्रोल पंप के पास देर रात अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल से अपने साथी के साढ़ जा रहे सफाईकर्मी को टक्कर मार दी। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां सफाईकर्मी की मौत हो गई जबकि घायल साथी का इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार पचास क्वार्टर पिपलानी निवासी अरविंद वाल्मीकि (27) निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी था। शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपने साथी के साथ बाइक से ड्यूटी जा रहा था। पिपलानी पेट्रोल पंप के थोड़ा आगे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अरविंद वाल्मीकि को गंभीर चोटें आई थीं। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही अरविंद की मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है, कि मृतक के साथी को गंभीर चोटें नहीं हैं। लेकिन हादसे के दौरान घबराहट के कारण वह टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में कोई भी जानकारी नहीं दे पा रहा है। मर्ग कायम कर पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी चालक और वाहन की जानकारी जुटाने के प्रयास कर रही है। इधर, मिसरोद पुलिस ने बताया कि सहारा स्टेट मिसरोद निवासी अरुण श्रीवास्तव (67) रिटायर्ड कर्मचारी थे। दो दिन पहले वह मोटरसाइकिल से किसी काम से भोपाल की ओर आ रहे थे। इस बीच मिसरोद थाने से करीब एक किमी दूर बीआरटीएस चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनको को टक्कर मार दी। एम्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान शनिवार रात उनकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जुनेद / 8 दिसंबर