- पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने दी बधाई - क्राइम ब्रांच और ट्रैफिक जवानों को भी मिला नगद पुरस्कार इंदौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में आम नागरिकों के लिए बेहतर पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों के उत्साहवर्धन हेतु शुरू किए गए साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम के तहत, आज पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह द्वारा 18 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। पलासिया स्थित कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार से पुरस्कृत कर उनके कार्यों की सराहना की गई। :: उत्कृष्ट कार्यों का विवरण :: - नकबजनी का खुलासा (थाना लसूड़िया) : प्रआर अजय प्रजापति, प्रणीत भदौरिया, रविंद्र सिंह कुशवाह, नीरज रघुवंशी, आर. आनंद जाट और हेमराज सिलोटे को दो नकबजनी के प्रकरणों का खुलासा करने और आईसीआईसीआई बैंक में चोरी के प्रयास को विफल करने के लिए सम्मानित किया गया। इस टीम ने दोनों नकबजनी प्रकरणों में लगभग 71 लाख रुपये का मश्रुका जप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। - चैन स्नेचिंग (थाना राजेंद्र नगर) : कार्य. प्रआर शशांक दुबे, आर. गौरव गुर्जर, पंकज चौहान, और रामवीर गुर्जर को चैन स्नेचिंग के प्रकरण में आरोपियों को गिरफ्तार कर मश्रुका जप्त करने हेतु पुरस्कृत किया गया। - अवैध मादक पदार्थ : क्राइम ब्रांच के प्रआर महेंद्र राठौर, आर. मलखान सिंह को ब्राउन शुगर तथा प्रआर सर्वेश भदौरिया, आर. राकेश जाट को एमडी ड्रग्स के साथ आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए सम्मानित किया गया। थाना हीरानगर के आर. अनिल जायसवाल को 8 किलो गांजा जप्त करने हेतु पुरस्कृत किया गया। - ऑपरेशन मुस्कान (थाना बाणगंगा) : कार्य. प्रआर ओमप्रकाश जायसवाल को ऑपरेशन मुस्कान के तहत पाँच प्रकरणों में अपहृत महिलाओं/लड़कियों को दस्तयाब करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर सम्मानित किया गया। - यातायात प्रबंधन : यातायात पुलिस के आर. महावीर गुर्जर को प्रतिबंधित मार्ग पर बेहतर यातायात प्रबंधन और कार्य. सउनि प्रेमसिंह को गोपुर चौराहा पर उत्कृष्ट यातायात प्रबंधन के लिए पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर के सिंह, पुलिस उपायुक्त आनंद कलादगी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी पुरस्कृत पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना कर उनका हौसला बढ़ाया।