क्षेत्रीय
11-Dec-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र के फर्श बाजार इलाके में समोसे बेचने वाले की रेहड़ी पर सिलेंडर बदलने के दौरान आग लग गई। इस हादसे में दो लोग मामूली रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दमकल की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया। फर्श बाजार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। दमकल विभाग ने बताया कि शनिवार रात को शाहदरा छोटे बाजार में एक रेहड़ी पर आग लगने की सूचना मिली। कुछ ही देर में दमकल ने आग पर काबू पाया। दो लोग मामूली रूप से झुलसे हुए मिले। जांच में पता चला कि रेहड़ी वाला खाली सिलेंडर हटाकर उसकी जगह दूसरा लगा रहा था। तभी अचानक आग लग गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायर हो रहा है, जिसमें आग लगने के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी को देखा जा सकता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/11/दिसंबर/2025