- जांच नाकों से बचने अब सिंगल पगडंडी और खेतों की मेड़ों से बनाये रास्ते - सीमा से सटे इलाकों में रिश्तेदारों के घरों और खलिहानों को बनाया डंपिंग प्वाइंट - बिचौलियों का बड़ा खेल जारी गरियाबंद(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में पड़ोसी राज्यों से हो रहे अवैध धान परिवहन पर जिला प्रशासन की सख्ती के बाद अब बिचौलियों ने तस्करी का तरीका बदल लिया है। ट्रक, ट्रैक्टर और पिकअप की लगातार जब्ती से सबक लेते हुए अब अवैध धान की सप्लाई साइकिल, ऑटो और मोटरसाइकिल से की जा रही है। जानकारी के अनुसार खोकसरा, सागौनभाड़ी, झिरिपानी, अमाड़, धूमाभटा, पीठापारा, फलसापारा, तुआसमाल और कसीपानी इलाकों में बाइक और साइकिल से धान का अवैध परिवहन तेज हो गया है। कुछ क्षेत्रों में ऑटो का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बाइक चालकों को पेट्रोल खर्च के अलावा रोजाना 500 रुपए दिए जा रहे हैं, जबकि साइकिल और ऑटो के लिए प्रति बोरा 50 रुपए तय किए गए हैं। बिचौलियों ने सीमा से सटे इलाकों में अपने रिश्तेदारों के घरों और खलिहानों को डंपिंग प्वाइंट बना रखा है। आधी रात के बाद धान की ढुलाई शुरू होती है। जांच नाकों और मुख्य सड़कों से बचने के लिए अब सिंगल पगडंडी और खेतों की मेड़ों से रास्ते बनाए गए हैं। दीवान मुड़ा इलाके में तो खेतों की मेड़ काटकर विशेष रास्ता तक तैयार कर लिया गया है। प्रशासन की नजर से बचने के इस खेल में कहीं-कहीं मजदूर पकड़े भी जा रहे हैं, लेकिन कम मात्रा और गरीबी का हवाला देकर उन्हें छुड़ाने में बिचौलिए सफल हो जाते हैं। जबकि छोटी खेप के पीछे भी वही शातिर बिचौलिये सक्रिय हैं, जिनकी गाड़ियां पहले जब्त हो चुकी हैं। दहीगांव का एक कुख्यात बिचौलिया बाइकर गैंग के जरिए झिरिपानी होते हुए निष्टीगुडा और दहीगांव तक सप्लाई करा रहा है। दरअसल किसानों की मिलीभगत से भी बिचौलियों के हौसले बुलंद हैं। एक एकड़ में जहां पैदावार 10 से 12 क्विंटल हुई है, वहीं 21 क्विंटल बेचने की कोशिश की जा रही है। बोनस और समर्थन मूल्य मिलाकर 3100 रुपए प्रति क्विंटल के लालच में 2500 रुपए तक में अवैध धान की डिलीवरी दी जा रही है। बीते एक महीने में अवैध धान परिवहन के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई हुई है। थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह की कार्रवाई सबसे ज्यादा बताई जा रही है। देवभोग पुलिस ने अब तक 29 प्रकरणों में 25 वाहन जब्त कर करीब 25 लाख रुपए मूल्य के 2022 बोरा धान पकड़ा है। देवभोग तहसीलदार ने 8 वाहनों से 6 लाख रुपए का 400 पैकेट धान जब्त किया। अमलीपदर पुलिस ने 8 वाहनों से 14.50 लाख रुपए के 1200 बोरा और राजस्व अमले ने 9.60 लाख रुपए के 800 बोरा धान जब्त किया है। कार्रवाई से बिचौलियों में खलबली है। राजनीतिक दबाव और झूठी शिकायतों के जरिए कार्रवाई कर रहे अधिकारी-कर्मचारियों को निशाना बनाया जा रहा है। देवभोग टीआई फैजुल शाह हुदा ने कहा कि उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान लगातार जारी है और बाइकर्स गैंग भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे। तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने कहा कि सख्त कार्रवाई से बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है और वे राजनीतिक रसूख का सहारा ले रहे हैं।