क्षेत्रीय
14-Dec-2025
...


गुना (ईएमएस)| सडक़ों पर अब कंडम हालत में दौड़ रहीं बसें नहीं चलेंगी। नये नियमों व कानून के मुताबिक 15 वर्ष से ज्यादा पुरानी बसों को अब सडक़ों पर चलाने की अनुमति नहीं मिलेगी।इसे लेकर अब कार्रवाई भी शुरू हो गई है। आज हनुमान चौराहे पर यातायात थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने टीम के साथ आधा दर्जन से अधिक बसों की चैकिंग की। उन्होंने बताया कि नये कानून के तहत अब 15 वर्ष से ज्यादा पुरानी बसों को सडक़ों पर नहीं चलाया जाएगा। इसे लेकर आज चैकिंग की जा रही है और बसों की रजिस्ट्रेशन, फिटनेस एवं परमिट आदि चेक किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 8-9 बसों की चैकिंग की है, जिनमें किसी के पास पीओसी नहीं मिली तो किसी के पास परमिट नहीं मिला। ऐसी बसों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बस संचालकों में इस कार्रवाई से हडक़ंप मच सकता है। शहर के जज्जी और आरोन बस स्टैंड से पुरानी और कंडम हो चुकी बसों का संचालन किया जा रहा है। खासकर ग्रामीण रुटों पर ऐसी बसें धड़ल्ले से दोड़ती मिल जाएंगी। हालांकि इस कार्रवाई से ऐसी बसों के संचालन पर रोक लग सकती है। - सीताराम नाटानी