राज्य
14-Dec-2025


सूरत (ईएमएस)| जिले के इच्छापोर तालुका के भाटपोर गांव में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। कोबरा सांप के डंसने से मात्र 2 वर्ष के बच्चे शुभदर्शन राठवा की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से छोटाउदेपुर के निवासी दिनेशभाई राठवा अपने परिवार के साथ भाटपोर गांव में रहते हैं। शुक्रवार शाम मजदूरी से लौटने के बाद माता-पिता घर पर खाना बनाने में व्यस्त थे। इसी दौरान उनका 2 वर्षीय बेटा शुभदर्शन घर के बाहर दोस्तों के साथ खेल रहा था। अचानक घर की दीवार में छिपा करीब 6 फीट लंबा कोबरा सांप बाहर निकला और बच्चे के दाहिने पैर में डंस लिया। डंसते ही बच्चा जोर-जोर से रोने लगा। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को पास के अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे सूरत की नई सिविल अस्पताल में रेफर किया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। सतीश/14 दिसंबर