राज्य
16-Dec-2025
...


निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने नवीन निगम मुख्यालय भवन का निरीक्षण कर दिए निर्देश 16bmc02 भोपाल(ईएमएस)। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने नवीन निगम मुख्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि आम नागरिकों की सुविधा के दृष्टिगत मुख्यालय भवन के भूतल पर जनसेवा केन्द्र सहित आम नागरिकों से जुड़े विभागों के संचालन की व्यवस्था की जाए और निगम के अन्य विभागों को अन्य तलों से संचालित किया जाए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने निगम के सभी विभागों एवं शाखाओं को मुख्यालय भवन में स्थानांतरित करने की तैयारियां करने हेतु निर्देशित भी किया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्तगण श्रीमती अंजू अरूण कुमार, तन्मय वशिष्ट शर्मा, मुकेश शर्मा, वरूण अवस्थी, हर्षित तिवारी, गुणवंत सेवतकर, उपायुक्त चंचलेश गिरहारे, प्रभारी मुख्य अभियंता उदित गर्ग सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन ने मंगलवार को निगम मुख्यालय भवन का निरीक्षण किया और प्रत्येक तल पर बनाए गए कक्षों आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने निगम मुख्यालय भवन में आम जनता की सुविधा के दृष्टिगत जनसेवा केन्द्र सहित नागरिकों से सीधे जुड़े अन्य विभागों, शाखाओं का संचालन भूतल पर ही करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने एक समान कार्य वाले विभागों को समान तल पर संचालित करने, आवश्यकतानुसार नोटिस बोर्ड आदि लगाने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त श्रीमती जैन ने निर्देशित किया कि सभी विभाग अध्यक्ष अपने अधीनस्थ विभागों को निगम मुख्यालय भवन में स्थानांतरित करने हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करते हुए रिकार्ड और नस्तियां आदि व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। हरि प्रसाद पाल / 16 दिसम्बर, 2025