18-Dec-2025
...


इंदौर (ईएमएस)। जनस्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन ने गुरुवार को ग्राम केलोद करताल में बड़ी कार्यवाही करते हुए एक अवैध बेकरी को सील कर दिया। यहाँ अमानक परिस्थितियों में खाद्य सामग्री निर्माण के साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध व्यावसायिक उपयोग पाया गया। एसडीएम अजय भूषण शुक्ला के नेतृत्व में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने नरेश गोपलानी द्वारा संचालित बेकरी पर औचक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बेकरी बिना किसी वैध लाइसेंस के चल रही थी। मौके पर केक निर्माण के लिए जंग लगे और अमानक बर्तनों का उपयोग किया जा रहा था, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है। इसके अतिरिक्त, बेकरी में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग होते पाए जाने पर उन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने अवैध फूड यूनिट को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। कार्यवाही में नायब तहसीलदार प्रियंका बघेल, खाद्य निरीक्षक अवशेष अग्रवाल, वैशाली सिंह और पुष्पेंद्र द्विवेदी सहित राजस्व अमला शामिल रहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। प्रकाश/18 दिसम्बर 2025