क्षेत्रीय
19-Dec-2025
...


खरगोन (ईएमएस)। श्री नवग्रह मंदिर से पौष एकादशी पर निकली पंचकोशी पद्यात्रा को शुक्रवार यात्रियों के लौटने पर विराम दिया गया। करीब 75 किमी की यात्रा पुरी कर सुबह से ही पद्यात्रियों का मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया था। सुबह 10 बजे तक सारे पदयात्री मंदिर पहुंच चुके थे। यहां श्री नवग्रह देवताओं के पूजन, आरती कर यात्रा को विराम दिया गया। इस दौरान भजन- मंडली ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुती भी दी। इसके बाद यात्रा की सुखद अनुभूति लेकर पदयात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। यात्रा में 5 हजार से अधिक महिला-पुरुषों के साथ ही बच्चे और युवक- युवतियां भी शामिल हुई थी। यात्रा समापन पर प्रतिवर्षानुसार तिरुपति बालाजी भक्त मंडल एवं रवि जोशी मित्र मंडल की ओर से भंडारे का आयोजन भी किया गया। इसमें पूर्व विधायक रवि जोशी सहित मंडल सदस्यों ने खुद परोसगारी कर पद्यात्रियों को भोजन कराने के बाद विदाई दी। पूर्व विधायक जोशी ने बताया यह यात्रा हमारी संस्कृति, धर्म की पहचान है। यात्रा में लोग जिस उत्साह और आस्था के साथ शामिल होता है, वह देखते ही बनता है। बिना प्रचार- प्रसार के हजारों की संख्या में पद्यात्री शामिल होकर बिना किसी अतिरिक्त सुविधा के पदयात्रा करते है। यात्रा समापन पर पिछले 15 वर्षों से मंडल द्वारा भंडारा प्रसादी की सेवा अनवरत जारी है। श्री नवग्रह देवता के आशीर्वाद और कृपा सब पर बनी रहे, इसी भाव को लेकर यह यात्रा की जाती है। ईएमएस / 19 दिसंबर- 2025