* ईओडब्ल्यू ने दर्ज की एफआईआर भोपाल/सीहोर(ईएमएस)। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने सीहोर जिले में करोड़ों रुपये की भूमि और वेयरहाउस की रजिस्ट्री में धोखाधड़ी कर शासन को लाखों रुपये के राजस्व की हानि पहुँचाने का बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में ईओडब्ल्यू ने 24.19 लाख की स्टाम्प ड्यूटी चोरी के आरोप में डॉ. रमन गोवर्धन अरोड़ा, सुरेश प्रसाद कौशल और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। * यह है मामला जांच में सामने आया कि साल 2019 में ग्राम उदयपुरा (सीहोर) स्थित 1.320 हेक्टेयर भूमि और उस पर निर्मित 2768.38 वर्ग मीटर के वेयरहाउस को यूको बैंक द्वारा 1.80 करोड़ में नीलाम किया गया था। उस समय संपत्ति का बाजार मूल्य लगभग 4.98 करोड़ आंका गया था। लेकिन साल 2021 में आरोपियों ने आपराधिक साजिश रचते हुए इसी संपत्ति को दो अलग-अलग विक्रय पत्रों के माध्यम से मात्र 96.51 लाख में बेच दिया। * जॉच में सामने आया धोखाधड़ी का तरीका ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया की वास्तविक वेयरहाउस 2768.38 वर्ग मीटर का था, जिसका क्षेत्रफल कागजों में घटाकर केवल 418 वर्ग मीटर दिखाया गया। जब ईओडब्ल्यू ने मौके पर जाकर पड़ताल की, तो वेयरहाउस 2306.70 वर्ग मीटर पाया गया। वहां निर्माण तोड़ने का कोई साक्ष्य नहीं मिला, जिससे सिद्ध हुआ कि क्षेत्रफल जानबूझकर कम दिखाया गया। एक रजिस्ट्री में भूमि को सिंचित कृषि भूमि बताकर उसकी कीमत कम दिखाई गई ताकि स्टाम्प शुल्क बचाया जा सके। * इन धाराओं में दर्ज हुआ केस शिकायत के सत्यापन और साक्ष्यों के आधार पर ईओडब्ल्यू ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 420 (धोखाधड़ी), 120बी (आपराधिक षडयंत्र), 467, 468 (दस्तावेजों में जालसाजी), 471 (जाली दस्तावेजों का असली के रूप में उपयोग) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जुनेद / 20 दिसंबर