कोरबा (ईएमएस) कोरबा भारतीय जनता पार्टी द्वारा कटघोरा एवं पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्रों के लिए आयोजित विधानसभा स्तरीय बैठक संगठनात्मक दृष्टि से ऐतिहासिक और चुनावी रणनीति की दृष्टि से निर्णायक सिद्ध हुई। कोरबा जिले के नवनियुक्त प्रभारी अनिल केशरवानी के मुख्य आतिथ्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न इस भव्य बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने, आगामी चुनावों की रणनीति तय करने तथा जनसंपर्क अभियानों को धारदार बनाने पर गहन और सार्थक मंथन किया गया। यह बैठक न केवल संगठनात्मक समीक्षा का मंच बनी, बल्कि कार्यकर्ताओं में नया उत्साह, नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा देने वाला अवसर भी साबित हुई। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति ने इसे विशेष महत्व प्रदान किया। उक्त बैठक में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं जिला सह प्रभारी बृजेश शुक्ला प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिले के नवनियुक्त प्रभारी अनिल केशरवानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक विचारधारा आधारित, अनुशासित और कार्यकर्ता-प्रधान संगठन है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “भाजपा में हर कार्यकर्ता की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है। संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता और जनसेवा की सबसे मजबूत नींव है।” उन्होंने बूथ सशक्तिकरण, पन्ना प्रमुख व्यवस्था, सक्रिय सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और निरंतर सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की निरंतर सफलता का रहस्य उसकी संगठित कार्यप्रणाली और समर्पित कार्यकर्ता हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता, निष्ठा और सेवा भाव ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि “भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहते हैं।” उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को सराहते हुए सभी पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। उक्त बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, पूर्व विधायक रामदयाल उईके, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नगर पंचायत छुरीकला अध्यक्ष पदमिनी प्रीतम देवांगन, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, प्रदेश संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ पवन गर्ग, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, संजय शर्मा, लक्की नंदा, सतीश झा, नवीन अरोरा, मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग, विवेक मार्कण्डेय, कमला किंडो, डॉ. विजय राठौर, अजय चन्द्रा, उदय श्रीवास्तव सहित सभी मंडल अध्यक्षगण एवं बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 21 दिसंबर / मित्तल