-- स्वतंत्रता सेनानी का 130वां जन्मदिन मनाता विद्यालय परिवार हाथरस (ईएमएस)। जनपद के महान स्वतंत्रता सेनानी मुंशी गजाधर सिंह का 130वां जन्मदिन उनके द्वारा स्थापित मुंशी गजाधर सिंह जनता इंटर कॉलेज, ग्राम कौमरी में समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर अतिथियों, शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा माल्यार्पण के साथ हुई। इसके उपरांत आयोजित विचार गोष्ठी में अंग्रेजी प्रवक्ता रविकांत श्रीवास्तव ने मुंशी गजाधर सिंह के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और विद्यालय स्थापना के लिए किए गए प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। पूर्व ग्राम प्रधान रूप किशोर सिंह ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यालय की स्थापना और विकास में मुंशी गजाधर सिंह की भूमिका को याद किया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्यपाल सिंह और भवर पाल सिंह ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए पुरातन छात्रों की बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया। सभा को संबोधित करते हुए मुंशी गजाधर सिंह के पौत्र दुष्यंत कुमार सिंह ने विद्यालय को राजनीति और अराजकता से दूर रखने का आह्वान किया, जबकि संजीव कुमार ने शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और सामाजिक चुनौतियों पर संघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया। विद्यालय के प्राधिकृत नियंत्रक नीरज गोयल ने बताया कि ग्राम कौमरी जैसे पिछड़े क्षेत्र में कन्याओं की शिक्षा के उद्देश्य से विद्यालय की स्थापना करना उस समय एक साहसिक कदम था। उन्होंने स्थानीय सहयोग की अपील की और अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर उनका गीत “आओ फिर से दिया जलाएं” गाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महावीर सिंह, हरीश कुमार सैंगर, पुरुषोत्तम सिंह, नगेंद्र बहादुर, प्रधानाचार्य दिनेश कुमार सैंगर ने भी अपने विचार रखे। सभा की अध्यक्षता हरिपाल सिंह ने की। कार्यक्रम के अंत में उपप्रधानाचार्य विजय बहादुर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। संचालन प्रवक्ता सुभाष चंद्र वर्मा ने किया। कार्यक्रम में चंद्रकला, सुरेंद्र कुमार सिंह, किशन पाल सिंह, बीरेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में विद्यालय के समस्त अध्यापकों, लिपिक प्रभात पचौरी, राकेश कुमार और कर्मचारियों का सहयोग रहा। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 25 दिसंबर 2025