राज्य
25-Dec-2025


:: एमएसपी की सुरक्षा से किसानों को मिली बड़ी राहत :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश सरकार की भावांतर भुगतान योजना-2025 के अंतर्गत सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने 25 दिसंबर के लिए सोयाबीन का मॉडल रेट 4,235 रू. प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। यह दर उन पंजीकृत किसानों के लिए आधार बनेगी, जिन्होंने अपनी उपज अधिसूचित मंडियों में विक्रय की है। :: एमएसपी और मॉडल रेट का गणित :: राज्य सरकार ने संकल्प दोहराया है कि किसानों को सोयाबीन पर केंद्र द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 5,328 रू. प्रति क्विंटल का लाभ हर हाल में मिलेगा। वर्तमान मॉडल रेट (4,235 रू.) और एमएसपी (5,328 रू.) के बीच की अंतर राशि का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में भावांतर के रूप में किया जाएगा। :: दरों का विश्लेषण :: बीते दो महीनों में सोयाबीन की कीमतों में निरंतर उतार-चढ़ाव देखा गया है। नवंबर में यह दर 4,020 रू. से शुरू होकर 22 नवंबर को 4,285 रू. के उच्चतम स्तर तक पहुँची थी। दिसंबर माह में भी स्थिरता का रुझान रहा, जहाँ कीमतें 4,191 रू. से 4,240 रू. के दायरे में घूमती रहीं। आज घोषित 4,235 रू. की दर बाजार की मौजूदा मजबूती को दर्शाती है। यह योजना खुले बाजार की कम कीमतों से किसानों के हितों की रक्षा करने वाला एक सुरक्षा कवच सिद्ध हो रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंडी की दरों में गिरावट के बावजूद किसानों को 5,328 रू. की पूरी राशि मिलना सुनिश्चित है। इस पारदर्शी प्रक्रिया से न केवल बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है, बल्कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से किसानों का आर्थिक सशक्तीकरण भी हो रहा है। प्रकाश/25 दिसम्बर 2025