जिला कार्यालय में अटल स्मृति प्रदर्शनी का उद्घाटन छिंदवाड़ा (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के छिंदवाड़ा स्थित कार्यालय में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती मनाई गई। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसी क्रम में यादव ने जिला भाजपा कार्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित अटल स्मृति प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि उनका नाम अटल था, उनका काम अटल था और उनके विचार भी अटल थे। उनकी कविताओं में देशप्रेम की जो अलख है, वह देशप्रेमियों के रग-रग में बह रही है। वे युगदृष्टा थे। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की प्रगति और मजबूती के लिए अथक प्रयास किए। महान वैज्ञानिक अब्दुल कलाम के साथ परमाणु परीक्षण करवाकर देश को परमाणु संपन्न राष्ट्रों में शामिल कर दिया। राजनीति उन्होंने कभी भी सत्ता पाने की नहीं की। उनका मानना था कि सत्ता में हमेशा सुचिता और सुशासन की राजनीति होना चाहिए। वे देशवासियों के हृदयों में अटल सत्य बनकर जीवंत रहेंगे। इस मौके पर जिला महामंत्री विजय पांडे, जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र राणा ने भी संबोधित किया। संचालन जिला महामंत्री कमलेश उइके ने किया तथा आभार कार्यालय मंत्री भारत घई ने मना। इस मौके पर जिला भाजपा के पदाधिकारी, पार्षद अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे। ईएमएस/मोहने/ 25 दिसंबर 2025