- बूथ स्तर पर जद (यू) की सशक्त उपस्थिति के लिए सदस्यता अभियान को सफल बनाएँ कार्यकर्ता- उमेश सिंह कुशवाहा - कार्यकर्ताओं के खून-पसीने से सिंचित और नीतीश कुमार के संस्कारों में ढली हुई पार्टी है जद (यू)- उमेश सिंह कुशवाहा खगड़िया, (ईएमएस)। शुक्रवार को खगड़िया में जद (यू) द्वारा कार्यकर्ता आभार समारोह सह सदस्यता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खगड़िया में एनडीए की प्रचंड जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही जिले में चल रहे सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को जद (यू) से जोड़ने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जद(यू) कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण, निष्ठा और परिश्रम का प्रदर्शन करते हुए खगड़िया की सभी चार सीटों पर एनडीए गठबंधन की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित की है, वह एक नया कीर्तिमान है। उन्होंने कहा कि जब-जब विरोधियों ने हमारे नेता और हमारी पार्टी के राजनीतिक भविष्य को लेकर अनर्गल प्रलाप किया है, तब-तब बिहार की जनता ने जनादेश के माध्यम से यह स्पष्ट कर दिया है कि जद (यू), कार्यकर्ताओं के खून-पसीने से सिंचित और श्री नीतीश कुमार के संस्कारों में ढली हुई पार्टी है। हमारे नेता और हमारी पार्टी का ना कोई विकल्प था, ना है और ना कभी होगा। श्री कुशवाहा ने आगे कहा कि सदस्यता अभियान 2025-28 के तहत पार्टी ने एक करोड़ से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। समय-सीमा में अपनी पूरी ताकत लगाकर सदस्यता अभियान का लक्ष्य पूरा करना है। इसके लिए पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी है। जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत कर विधानसभा चुनाव में इतिहास रचा, उसी तरह इस बार सदस्यता अभियान में भी नया इतिहास रचना है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यता अभियान एक ऐसा अवसर है, जिसके माध्यम से हम अपने नेता को और अधिक मजबूती प्रदान करते हुए जद (यू) परिवार को हर बूथ तक और अधिक सशक्त बनाना है, जिससे न्याय के साथ विकास की धारा निरंतर आगे बढ़ती रहे। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह विधानपरिषद सदस्य अफाक अहमद, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल हेगड़े, जिला अध्यक्ष सह विधायक बबलू मंडल, विधायक पन्ना लाल सिंह पटेल, विधायक रामचंद्र सदा सहित पार्टी के कई अन्य नेता और स्थानीय कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। संतोष झा- २६ दिसंबर/२०२५/ईएमएस