राज्य
27-Dec-2025


लखनऊ,(ईएमएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। पार्टी ने दिवंगत विधायक सुधाकर सिंह की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनके बेटे सुजीत सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। इस महत्वपूर्ण घोषणा की जानकारी वरिष्ठ सपा नेता शिवपाल यादव ने दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहन विचार-विमर्श के बाद सुजीत सिंह के नाम पर मुहर लगाई है। शिवपाल यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी समाजवादी कार्यकर्ता और नेता एकजुट होकर सुजीत सिंह की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करेंगे। घोसी विधानसभा सीट विधायक सुधाकर सिंह के असामयिक निधन के बाद खाली हुई थी। उनका निधन 20 नवंबर 2025 को हुआ था। संवैधानिक नियमों के अनुसार, किसी भी सीट के रिक्त होने के छह महीने के भीतर वहां उपचुनाव कराना अनिवार्य होता है। इसी क्रम में चुनाव आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू की है। समाजवादी पार्टी ने एक बार फिर सुधाकर सिंह के परिवार पर भरोसा जताया है, जिसके पीछे सहानुभूति और क्षेत्र में उनके मजबूत आधार को मुख्य कारण माना जा रहा है। राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाने वाली इस सीट का इतिहास भी दिलचस्प रहा है। 2022 के आम चुनाव में यहाँ से सपा के टिकट पर दारा सिंह चौहान जीते थे, लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद 2023 में हुए चर्चित उपचुनाव में सपा ने सुधाकर सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने भाजपा के दारा सिंह चौहान को करारी शिकस्त देकर जीत हासिल की थी। सुधाकर सिंह की छवि एक जमीन से जुड़े नेता की थी और जनता के बीच उनकी सीधी पहुंच थी। समाजवादी पार्टी का मानना है कि क्षेत्र की जनता की भावनाएं अभी भी उनके परिवार से जुड़ी हुई हैं, जिसका लाभ सुजीत सिंह को मिलेगा। पार्टी इस जीत के जरिए क्षेत्र में अपना दबदबा बरकरार रखने की कोशिश में है। वीरेंद्र/ईएमएस/27दिसंबर2025