खेल
27-Dec-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के निशानेबाज सूरज शर्मा ने यहां डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में जीत दर्ज की है। सूरज ने पुरुष वर्ग में जूनियर और सीनियर दोनों ही वर्ग में राष्ट्रीय खिताब जीते हैं। सूरज ने पहले जूनियर फाइनल में 30 हिट्स के साथ स्वर्ण पर निशाना लगाया। इसे बाद सीनियर वर्ग के भी फाइनल में 31 हिट्स के साथ दूसरा स्वर्ण अपने नाम किया। सीनियर फाइनल में सूरज ने अच्छी शुरुआत करते हुए अपने पहले 20 में से 19 निशाने सही लगाये और कुल 31 हिट्स के साथ जीत दर्ज की। वही पंजाब के विजयवीर सिद्धू से तीन हिट्स 28 हिट्स के साथ दसरे स्थान पर रहे जबकि राजस्थान के भावेश शेखावत ने 24 हिट्स के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। अंकुर गोयल 14 हिट्स के साथ चौथे स्थान पर रहे। अंकुर आंध्र प्रदेश के मुकेश नेलावल्ली के खिलाफ लगातार तीन शूट-ऑफ के बाद 12 हिट्स के साथ ही पांचवें स्थान पर रहे। वहीं हरियाणा के आदर्श सिंह पांच हिट्स के साथ छठे स्थान पर रहे। दूसीर ओर क्वालिफिकेशन राउंड में अंकुर ने 582-203 के स्कोर के साथ नंबर एक पर रहे जबकि विजयवीर सिद्धू 580-183 के साथ दूसरे स्थान पर रहे और आदर्श सिंह ने 579-223 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। मुकेश नेलावल्ली 579-173 के साथ चौथे स्थान पर रहे।जूनियर पुरुष आरएफपी फाइनल में भी सूरज शर्मा ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 30 हिट्स के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं मुकेश नेलावल्ली को 25 हिट्स के साथ दूसरा स्थान मिला। हरियाणा के जतिन 22 हिट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहे। ईएमएस 27 दिसंबर 2025