- मध्य प्रदेश–महाराष्ट्र का रिश्ता सांस्कृतिक चेतना और साझा विरासत से जुड़ा। मुख्यमंत्री - महाराष्ट्र शिक्षण मंडल जबलपुर के शताब्दी समारोह। जबलपुर, (ईएमएस)। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र का संबंध केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संत परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और समाज सुधार की साझा विरासत से जुड़ा हुआ है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में आयोजित महाराष्ट्र शिक्षण मंडल के शताब्दी वर्ष समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह तथा परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह विशेष रूप से मौजूद थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराष्ट्र शिक्षण मंडल के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 1926 में स्थापित इस संस्था ने स्वतंत्रता से पहले और बाद में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों से प्रेरित बाजीराव पेशवा, शिंदे, होलकर और गायकवाड़ राजवंशों ने मध्य प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक संरक्षण में अहम योगदान दिया है। नई पीढ़ी को एआई के लिए तैयार करना जरूरी : मुख्यमंत्री फडणवीस... महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि शिक्षा संस्थानों को अब केवल अतीत पर गर्व करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकों के लिए नई पीढ़ी को तैयार करना होगा। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि यदि महाराष्ट्र शिक्षण मंडल जबलपुर में मराठी भाषा सिखाने के लिए कोई नया कोर्स या उपक्रम शुरू करता है, तो महाराष्ट्र सरकार इसके लिए आवश्यक निधि और पूरा सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि नई शिक्षा नीति में मातृभाषा में शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है, यहां तक कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई में भी मातृभाषा को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के ‘स्वराज्य, स्वधर्म और स्वभाषा’ के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि मराठों ने पानीपत के युद्ध में केवल अपने साम्राज्य के लिए नहीं, बल्कि पूरे भारत की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अगले 25 से 50 वर्षों की दीर्घकालिक योजना बनाएं और विद्यार्थियों को एआई आधारित भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करें। इस दौरान महाराष्ट्र शिक्षण मंडल की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। जबलपुर विकास में फडणवीस का विजनरी योगदान : राकेश सिंह ... लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर के वर्तमान विकास स्वरूप की नींव रखने में मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने श्री फडणवीस को विजनरी नेता बताते हुए कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने जबलपुर की घनी बस्तियों का दौरा कर विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया था, जिस पर आगे चलकर शहर का विकास हुआ। स्थानीय भाषा शिक्षा का आधार : उदय प्रताप सिंह..... परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि वे स्वयं महाराष्ट्र शिक्षण मंडल के विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने नई शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय भाषाओं, भारतीय संस्कृति, रामायण और गीता को शिक्षा प्रणाली में शामिल करना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। यह रहे उपस्थित... समारोह में राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्नोई, डॉ. अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, वरिष्ठ समाजसेवी व चिंतक प्रशांत पाल, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, प्रख्यात चिकित्सक डॉ. जामदार सहित महाराष्ट्र शिक्षण मंडल के पदाधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शहबाज रहमानी / 28 दिसंबर 2025