धनबाद(ईएमएस)।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस रविवार को धनबाद के निरीक्षण भवन में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बेरमो विधायक जय मंगल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद बेरमो विधायक जय मंगल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस 140 वर्ष पुरानी पार्टी है, जिसने देश की आज़ादी से लेकर लोकतंत्र की मजबूती तक अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की। वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान बेरमो विधायक ने कहा कि धनबाद जिला कांग्रेस को जल्द ही अपना स्थायी कार्यालय मिलेगा। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी से बातचीत हो चुकी है और सहमति भी मिल गई है। उन्होंने बताया कि नई जगह पर कांग्रेस का जिला कार्यालय स्थापित किया जाएगा।मनरेगा का नाम बदले जाने के मुद्दे पर जय मंगल सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महात्मा गांधी किसी एक पार्टी के नेता नहीं, बल्कि राष्ट्रपिता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महात्मा गांधी के नाम को हटाने की कोशिश कर रही है और देश में धर्म की राजनीति कर रही है। वहीं बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित हमलों को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी लोकसभा में पहले ही सरकार से इस मुद्दे पर संज्ञान लेने और कार्रवाई की मांग कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी किसी समुदाय पर अत्याचार होता है, वहां सरकार को सख्त कदम उठाना चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कर्मवीर सिंह/28दिसंबर/25