क्षेत्रीय
29-Dec-2025
...


बालाघाट (ईएमएस). किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने के लिए प्रदेश शासन की उपार्जन नीति के अनुरूप खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में बालाघाट जिले में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 1 दिसम्बर 2025 से की जा रही है, जो 20 जनवरी तक चलेगी। चालू सीजन में जिले में 29 दिसम्बर की शाम तक 80 हजार 205 किसानों से 924 करोड़ 77 लाख 61 हजार 64 रुपए की 39 लाख 3 हजार 656 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा चुकी है। किसानों से खरीदे गए धान का तेजी से उठाव कर गोदामों में पहुंचाया जा रहा है। अब तक 84 प्रतिशत से अधिक धान का परिवहन किया जा चुका है। किसानों को 319 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी आरके ठाकुर ने बताया कि जिले में 185 धान खरीदी केंद्रो पर पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी की जा रही है। खरीदी केंद्रो पर किसानों से खरीदी गई धान का तेजी से उठाव कर परिवहन किया जा रहा है और गोदामों में पहुंचाया जा रहा है। अब तक 30 लाख 90 हजार 788 क्विंटल धान का परिवहन कर गोदामों में पहुंचाया गया है, जो कि कुल खरीदी गई धान का 84 प्रतिशत है। 319 करोड़ रुपए का किया भुगतान अब तक किसानों को 319 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए 01 लाख 30 हजार 37 किसानों द्वारा अपना पंजीयन किया गया है। इसमें से 88 हजार 864 किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग की जा चुकी है। जिले के जिन खरीदी केंद्रो पर अधिक मात्रा में धान की खरीदी हो रही है, उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही हैं। खरीदी केंद्रो से धान का उठाव कर उसे शीघ्रता से गोदामों में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। किसानों से कहा गया है कि शासन की उपार्जन नीति के अनुसार एफएक्यू गुणवत्ता का धान ही समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। वे अपनी धान को अच्छी तरह से साफ कर एवं सुखाकर ही विक्रय के लिए लाए। भानेश साकुरे / 29 दिसंबर 2025