राज्य
31-Dec-2025
...


मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिला में नए साल 2026 के जश्न की तैयारीें जोर-शोर से चल रही हैं। खासकर पिकनिक स्पॉट्स और स्थानीय आयोजनों की तैयारी चल रही है। पर्यटक स्थलों पर सजावट और सुरक्षा व्यवस्था तेज हो गई है। जबकि युवा वर्ग पार्टियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्लानिंग में जुटा हुआ है। होटलों में भी विभिन्न तरह के व्यंजन तैयार करने की प्लानिंग की जा रही है। जिला के प्रमुख पिकनिक स्पॉट्स राजनगर राज परिसर, बलिराज गढ़, नेपाल सीमा से सटे जयनगर जिले का सबसे चर्चित पिकनिक स्पॉट बन गया है। जहां ऐतिहासिक धरोहरें, मंदिर सजाए जा रहे हैं। बच्चे परिवार के साथ राजनगर राज परिसर,बलिराज गढ़,दरभंगा में राज परिसर में पिकनिक मनाने की तैयारी कर रहे हैं। पिकनिक स्पॉट पर बच्चों के लिए झूले और फूड कोर्ट की व्यवस्था हो रही है। जो नववर्ष पर पर्यटकों को आकर्षित करेगी। नव वर्ष के अवसर पर मंदिरों में भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पंहुचते हैं। इसके लिए जिला के प्रसिद्ध मंदिरों को भी सजाया जा रहा है। जिला मुख्यालय के गंगा सागर परिसर के काली मंदिर को पंडाल से सजाया गया है। काली मंदिर परिसर में बुधवार से ही अष्टयाम शुरू हो गया है। जो नव वर्ष के 12 बजे दिन तक अनवरत जारी रहेगा। काली मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित नरेश झा ने बताया कि नव वर्ष के मौके पर भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। अष्टयाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंहुच रहे हैं। मंगरौनी के एकादश रुद्र मंदिर, भवानीपुर के उगना महादेव मंदिर, विदेशर स्थान के महादेव मंदिर सहित जिले के कई अन्य बड़े मंदिरों को नव वर्ष को लेकर सजाया गया है। (फोटो: जिला मुख्यालय में नव वर्ष को लेकर सजा काली मंदिर, सजा महादेव मंदिर) कार्तिक कुमार/संतोष झा- ३१ दिसंबर/२०२५/ईएमएस