अंतर्राष्ट्रीय
31-Dec-2025


125 संदिग्ध गिरफ्तार, 25 प्रातों में छापेमारी अंकारा(ईएमएस)। तुर्किये ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया है। इस्लामिक स्टेट से संबंध रखने के संदेह में दर्जनों लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 25 प्रांतों में छापेमारी की गई है। ये छापे इस्तांबुल, इजमिर, बर्सा, अंकारा और यालोवा आदि प्रांतों में की गई। इस दौरान 125 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। तुर्किये सरकार के गृह मंत्री अली येरलिकाया ने बताया कि पुलिस और सैन्य बलों द्वारा मिलकर यह कार्रवाई की गई। तुर्किये की सरकार ने बताया है कि पुलिस ने नए साल और इससे पहले पिछले सप्ताह क्रिसमस के उत्सवों के दौरान संभावित हमलों को रोकने के लिए इस्लामिक स्टेट के खिलाफ यह कार्रवाई की है। तुर्किये की सरकार के अफसरों ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी प्रांत यालोवा में छापेमारी अभियान के दौरान आईएस से जुड़े संदिग्धों ने पुलिस पर गोलीबारी की। इस झड़प में आईएस के छह संदिग्ध और तीन पुलिस अफसर मारे गए। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने एक घर पर कार्रवाई की। इसमें भी नौ लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि इस घर का इस्तेमाल छिपने के ठिकाने के रूप में किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गए सभी संदिग्ध तुर्किये के नागरिक हैं। विनोद उपाध्याय / 31 दिसम्बर, 2025