अंतर्राष्ट्रीय
31-Dec-2025


खैबर पख्तूनख्वा(ईएमएस)। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने अलग-अलग घटनाओं में दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी। यह जानकारी स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने दी। दोनों घटनाएं साउथ वजीरिस्तान से सटे टैंक जिले में हुईं। पहली घटना में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने सहायक उप निरीक्षक मुमताज अली पर उस वक्त फायरिंग कर दी, जब वे लक्की मरवत जिले में अपने गांव से लौट रहे थे। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना में कांस्टेबल सज्जाद हुसैन को शाह आलम रोड से अगवा कर लिया गया। हमलावरों ने उन्हें जबरन वाहन से उतारा और बाद में उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों मामलों को टारगेट किलिंग करार दिया है। इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और आगे की जांच जारी है। विनोद उपाध्याय / 31 दिसम्बर, 2025