नई दिल्ली (ईएमएस)। नए साल के जश्न पर ठंड और कोहरे का साया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक, हर तरफ हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। वहीं कोहरे से भी बुरा हाल है। मौसम विभाग ने ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी कर दी थी। हाल भी कुछ वैसा ही है। दिल्ली-एनसीआर के साथ यूपी और बिहार में ठंड ठिठुरा रही है। धूप की एक किरण तक कहीं दिखाई नहीं दे रही। हर तरफ धुंध नजर आ रही है। मौसम की इस मार से फिलहाल तो राहत मिलने वाली नहीं है। 1 जनवरी को भी कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। एक जनवरी को बारिश होने की भी आशंका है, जो इस मौसम की पहली बारिश हो सकती है। अगर बारिश होती है तो सर्दी और भी बढ़ जाएगी। एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर पश्चिम भारत को आज प्रभावित कर रहा है। वहीं पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू कश्मीर में हेवी स्नोफॉल और भारी बारिश का भी अलर्ट जारी है। इसके असर से पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में आज हल्की बारिश हो सकती है। सुबोध/३१-११-२०२५