बालोद(ईएमएस)। जिले में धान खरीदी के दौरान किसानों को हो रही परेशानियों और प्रशासन की सख्ती के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी के नेतृत्व में जिले के तीनों विधायक—डौंडी लोहारा से अनिला भेड़िया, गुंडरदेही से कुंवर सिंह निषाद और बालोद से संगीता सिन्हा—ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने शासन-प्रशासन द्वारा किसानों के घर-घर जाकर धान का स्टॉक जांचने की कार्रवाई की कड़ी निंदा की। कांग्रेस का कहना है कि किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। नेताओं ने स्टॉक जांच के नाम पर टोकन जारी करने में हो रही देरी को भी गंभीर समस्या बताया और इसे तत्काल बंद करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धान खरीदी की समय-सीमा समाप्त होने में अब केवल 11 दिन शेष हैं, जबकि जिले के हजारों किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं। ऐसे में खरीदी केंद्रों की सीमा तुरंत बढ़ाई जाए, ताकि किसान तय समय के भीतर धान विक्रय कर सकें। साथ ही टोकन वितरण में देरी और अनावश्यक नियमों से किसानों को राहत देने की मांग भी रखी गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी और विधायकों ने कलेक्टर को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी को बालोद जिले में धान परिवहन रोकने जैसे उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, प्रदेश पदाधिकारी कृष्णा दुबे, मिथलेश निरोटी, गुलशन चंद्राकर, भोला देशमुख, राजू प्रभाकर, धनेश्वरी सिन्हा, पीयूष सोनी, रतीराम कोसमा, अंचल साहू, डॉ. किशोर साहू, सादिक अली, नरेंद्र सिन्हा, कुलदीप नौम्हारे, देवेंद्र साहू, कमलेश श्रीवास्तव, मोनू ठाकुर, यशवंत पुरी गोस्वामी, संदीप साहू, वैभव साहू, दाउद खान, जमील बख्श, जितेंद्र यादव, भूषण साहू, तुल्लेस सिन्हा, हिमांशु सागर साहू सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 जनवरी 2026