बिलासपुर (ईएमएस)। पिछड़ा वर्ग आयोग की केंद्रीय सूची में रावत उपजाति को शामिल किए जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति सामने आई है। छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ यादव समाज के संरक्षक डॉ. सोमनाथ यादव के अथक प्रयासों से यह प्रक्रिया आगे बढ़ सकी है। इस पहल को यादव समाज के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। कुछ माह पूर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों ने डॉ. सोमनाथ यादव के नेतृत्व में रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भेंट की थी। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवासरत लगभग 30 लाख यादव समाज की विभिन्न मांगों को लेकर एक मांग-पत्र सौंपा गया था। इसमें प्रमुख मांग यह थी कि रावत (क्रड्ड1ड्डह्ल) उपजाति को भारत सरकार की पिछड़ा वर्ग केंद्रीय सूची में अहीर के बाद क्रमांक एक पर शामिल किया जाए। मुख्यमंत्री से हुई चर्चा के उपरांत छत्तीसगढ़ राज्य शासन के संयुक्त सचिव द्वारा इस संबंध में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, नई दिल्ली को पत्र प्रेषित किया गया है, जिसमें रावत उपजाति को केंद्रीय सूची में अहीर के बाद शामिल करने का आग्रह किया गया है। इससे समाज के लोगों में सकारात्मक उम्मीद जगी है। इस महत्वपूर्ण पहल पर बिलासपुर जिला यादव समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए राज्य सरकार एवं डॉ. सोमनाथ यादव के प्रति आभार प्रकट किया। उनका कहना है कि रावत उपजाति के केंद्रीय सूची में शामिल होने से समाज के लोगों को शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त होने में सहायता मिलेगी। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 19 जनवरी 2026